सरगुजा में हाथियों ने मचाया उत्पात : एक महीने में 12 से ज्यादा घर तोड़े, 100 हेक्टेयर से अधिक फसलें की बर्बाद
सरगुजा के उदयपुर क्षेत्र में जंगली हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीण परेशान हैं। 12 से ज्यादा कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हुए, 100 हेक्टेयर से अधिक फसल को नुकसान पहुंचा...


अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर इलाके में जंगली हाथियों की लगातार आवाजाही ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हाथियों का दल खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ कच्चे मकानों को भी क्षतिग्रस्त कर रहा है। बीते एक महीने में 12 से अधिक कच्चे घरों को नुकसान पहुंचने और 100 हेक्टेयर से ज्यादा फसल बर्बाद होने की जानकारी सामने आई है।
बासेन गांव के पास पहुंचा हाथियों का दल
उदयपुर क्षेत्र में देर शाम जंगली हाथियों का दल बासेन गांव के आसपास पहुंच गया। हाथियों की मौजूदगी की खबर से ग्रामीणों में डर का माहौल बन गया। वहीं अदाणी कंपनी की कोल माइंस के आसपास भी हाथियों की आवाजाही देखी जा रही है, जिससे इलाके में खतरे की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि हाथियों का दल आबादी वाले हिस्सों और खेतों की ओर बढ़ता है तो नुकसान का दायरा और बढ़ सकता है।
फसल के साथ घरों को भी पहुंच रहा नुकसान
हाथियों की लगातार गतिविधियों ने ग्रामीणों के सामने दोहरी परेशानी खड़ी कर दी है। एक तरफ खेतों में तैयार हो रही फसलें प्रभावित हो रही हैं, वहीं दूसरी ओर कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने से कई परिवारों के सामने रहने की समस्या खड़ी होने का डर है। लगातार हो रहे नुकसान के कारण ग्रामीण अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।




