कोरबा के होटल में प्रार्थना सभा को लेकर हंगामा : धर्मांतरण के आरोप पर बजरंग दल ने जताया विरोध, मारपीट का VIDEO वायरल
कोरबा के होटल स्टार इन में प्रार्थना सभा को लेकर धर्मांतरण के आरोपों पर हंगामा हुआ। बजरंग दल के विरोध के बाद मारपीट का VIDEO वायरल, पुलिस जांच में जुटी....


कोरबा। ट्रांसपोर्ट नगर के होटल स्टार इन में आयोजित कथित प्रार्थना सभा को लेकर रविवार को विवाद खड़ा हो गया। धर्मांतरण की आशंका जताते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ता होटल पहुंचे, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों के साथ उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
होटल में बड़ी संख्या में लोगों के ठहरने की बात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक करीब 15 कमरे बुक किए गए थे, जिनमें लाफा, पाली और कटघोरा क्षेत्र के लगभग 40 लोग रुके हुए थे। कमरों की बुकिंग जॉन मसीह के नाम से होने की बात कही जा रही है। इनमें करीब 10 हिंदू परिवारों के शामिल होने की भी जानकारी है।
प्रार्थना सभा की सूचना के बाद बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि होटल में प्रार्थना सभा चलने की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कथित धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए विरोध किया। इसी दौरान होटल परिसर में दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई और फिर मारपीट की स्थिति बन गई। बजरंग दल प्रमुख राणा मुखर्जी ने आरोप लगाया कि ईसाई मिशनरी की ओर से लोगों को प्रलोभन देकर धर्मांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा था। उन्होंने मानिकपुर स्थित इंडियन प्रेयर चर्च (IPC) के माध्यम से धर्मांतरण गतिविधियां संचालित किए जाने का भी दावा किया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
होटल में बिना पहचान पत्र ठहराने की भी शिकायत
विवाद की जानकारी मिलने पर सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ होटल पहुंचे। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। इस पूरे मामले में होटल में कुछ लोगों को बिना पहचान पत्र के ठहराए जाने का आरोप भी सामने आया है। पुलिस होटल में हुई बुकिंग, ठहरे लोगों और प्रार्थना सभा से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।




