बिलासपुर में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार; एयरपोर्ट तिराहे से चोरी हुई होंडा साइन बरामद, दो बाइक और एक बैटरी जब्त!



बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) चकरभाठा पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कथित तौर पर संगठित होकर वारदात को अंजाम देने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक गुंडा बदमाश भी शामिल बताया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोटरसाइकिल और एक बैटरी बरामद की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी शिव शंकर सिंगरौले ने 17 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 अक्टूबर को एयरपोर्ट तिराहे के पास खड़ी उनकी होंडा साइन मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मुखबिरों से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस ने छह संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मिलकर होंडा साइन मोटरसाइकिल चोरी करने के साथ एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल और बैटरी चोरी करना भी स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिल और एक बैटरी बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन वर्मा, रंजीत श्रीवास, आशीष वर्मा, अजय उर्फ अज्जू वर्मा, नरेश गोड़ और मानस यादव के रूप में हुई है।




