मामूली विवाद में खूनी वारदात; जलेबी दुकान संचालक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, हालत गंभीर..सिरगिट्टी में गाली-गलौज करने से मना करना पड़ा भारी!



बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद जलेबी दुकान संचालक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। रेलवे फाटक के आगे गुरुद्वारे के पास हुई इस घटना में भूपेंद्र मौर्य (32) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भूपेंद्र मौर्य पिता देवाराम मौर्य मूल रूप से राजस्थान का निवासी है। वह लंबे समय से बिलासपुर में किराये के मकान में रहकर जलेबी बेचने का काम करता है। शनिवार शाम वह रोजाना की तरह सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में रेलवे फाटक के आगे गुरुद्वारे के पास अपनी दुकान लगाकर बैठा था। बताया जा रहा है कि रात करीब 8:30 बजे चार से पांच युवक वहां पहुंचे और बैठकर गाली-गलौज करने लगे। भूपेंद्र ने युवकों को इस तरह बैठने और गाली-गलौज करने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
बाहर से आकर रौब झाड़ने का आरोप, फिर किया हमला……
आरोप है कि विवाद के दौरान युवकों ने भूपेंद्र से कहा कि वह बाहर से आकर रौब झाड़ रहा है। इसके बाद विवाद बढ़ गया और युवकों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ चार से पांच वार कर दिए। अचानक हुए हमले से भूपेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल भूपेंद्र को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मामूली कहासुनी से चाकूबाजी तक पहुंचा विवाद……
दुकान के पास गाली-गलौज करने से मना करने की बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। एक दुकानदार पर इस तरह चाकू से हमला किए जाने की घटना ने क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी से संबंधित जानकारी की पुष्टि की जानी बाकी है।




