फिर चाकूबाजी से दहली न्यायधानी; शराब के पैसे नहीं दिए तो युवक पर चाकू से हमला.. इस गांव में वारदात, पुरानी रंजिश को लेकर विवाद!



बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) न्यायधानी में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला तोरवा थाना क्षेत्र के दोमुहानी का है, जहां शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में कमलेश पात्रे घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर की रात कमलेश पात्रे मोहल्ले में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में गया था। इसी दौरान विकास पात्रे ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विकास ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए कमलेश पर चाकू से हमला कर दिया। उसके बाएं हाथ, सिर के पीछे और कंधे में चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन घायल को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल भेजा। शिकायत के आधार पर आरोपी विकास पात्रे के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 118(1), 119(1), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




