बिलासपुर में रफ्तार का कहर; मॉर्निंग वॉक पर निकले ग्रामीण को बाइक ने मारी जोरदार टक्कर..दर्दनाक मौत से गांव में पसरा मातम!



बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सरकंडा थाना क्षेत्र के ग्राम बैमा में रविवार सुबह सड़क हादसे में 47 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। ग्रामीण रोज की तरह सुबह घर के कुत्ते को टहलाने के लिए सड़क किनारे निकले थे, तभी बिलासपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल ग्रामीण को परिजन तत्काल सिम्स लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बैमा निवासी भागवत सूर्यवंशी (47 वर्ष), पिता स्वर्गीय गेंदराम सूर्यवंशी, रविवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच अपने घर के कुत्ते को गांव के पास सड़क किनारे टहला रहे थे। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से भागवत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल भागवत को तत्काल उपचार के लिए सिम्स ले गए। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि बाइक सवार पास के ग्राम नगोई का निवासी है और हादसे के वक्त अपने एक अन्य साथी के साथ कहीं से लौट रहा था। घटना की सूचना सरकंडा थाने में दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।




