जयकारों से गूंजा बेलतरा, 48 ग्राम पंचायतों से होकर रतनपुर पहुंचेगी मां महामाया की ध्वजा यात्रा; केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू हुए शामिल, विधायक शुक्ला के नेतृत्व में निकली यात्रा का गांव-गांव में भव्य स्वागत!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) शारदीय नवरात्रि के अवसर पर बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में मां महामाया एवं श्री गिरजाबंध हनुमान लला के जयकारों के बीच भव्य ध्वजा यात्रा का शुभारंभ हुआ। विधायक सुशांत शुक्ला के नेतृत्व में निकाली जा रही इस यात्रा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी शामिल हुए। ढोल-मांदर की थाप, माता के भजनों और श्रद्धालुओं के उत्साह से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। श्री गिरजाबंध हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई यात्रा नवागांव, ओछिनपारा, सरवनदेवरी, लखराम, गड़वट और बाम्हू सहित विभिन्न गांवों से होकर गुजरी। जगह-जगह ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने यात्रा का स्वागत किया। सरवनदेवरी और लखराम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ सहभागिता निभाई। प्रथम दिवस का समापन टेकर में माता के जगराते के साथ हुआ।
आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है ध्वजा यात्रा: सुशांत शुक्ला……
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि ध्वजा यात्रा सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इसका उद्देश्य क्षेत्र की गौरवशाली परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और गांव-गांव में सद्भाव एवं एकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के प्रति आभार जताया। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करते हैं। ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती है।
दूसरे दिन 14 पड़ावों से गुजरेगी यात्रा……
ध्वजा यात्रा सोमवार, 12 अक्टूबर को टेकर से आगे बढ़ेगी। दूसरे दिन गिधौरी, नेवसा, उसराभांठा, जाली, बेलतरा, बेलपारा, सलखा, बरपाली, धोरामुड़ा, करमा, बसहा, गोपालपुर और भिल्ली होते हुए भांड़ी में रात्रि विश्राम निर्धारित है। आयोजकों के अनुसार, यात्रा बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की लगभग 48 ग्राम पंचायतों से होकर गुजरेगी। अंतिम चरण में पवित्र ध्वजा रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में अर्पित की जाएगी।
