बिलासपुर: उधारी में सामान नहीं दिया तो भड़का युवक, दुकानदार महिला को डंडे से पीटा..सिम्स में चल रहा इलाज!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) रतनपुर के गांधीनगर में उधारी में सामान देने से इनकार करने पर एक युवक द्वारा महिला दुकानदार से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने गाली-गलौज करते हुए महिला पर डंडे से हमला कर दिया। घायल महिला का सिम्स में उपचार जारी है। पीड़िता के बेटे की शिकायत पर रतनपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना 10 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे की है। गांधीनगर निवासी निरूपा साहू अपनी दुकान संचालित करती हैं। आरोप है कि मोहल्ले का युवक शिवा उनसे उधारी में सामान मांग रहा था। महिला ने इनकार किया तो युवक गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने कथित तौर पर डंडे से हमला कर दिया। मारपीट में महिला के सिर, होंठ, गाल, पीठ और हाथ में चोटें आई हैं। आरोपी पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर महिला को बचाया। इसके बाद उनके बेटे नरेंद्र साहू ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी शिवा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
