सीपत; ट्रेलर से दो टायर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 50 हजार रुपये के टायर और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सीपत थाना क्षेत्र में ट्रेलर से दो टायर चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दो टायर, जिनकी कीमत करीब 50 हजार रुपये है, और वारदात में इस्तेमाल ऑटो क्रमांक CG 10 AK 9722 बरामद किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जांजी निवासी हेमंत यादव ने सीपत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका ट्रेलर क्रमांक CG 10 BM 5851 पिछले एक महीने से खराब होने के कारण मटेरियल गेट सीपत के पास पार्किंग में खड़ा था। 10 अक्टूबर की सुबह बल्कर चालक मुकेश रजक और जेसीबी चालक ओमप्रकाश यादव ड्यूटी पर पहुंचे, तो उन्होंने ट्रेलर के दो टायर डिस्क सहित गायब होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो व्यक्ति टायरों को ऑटो में भरकर ले जा रहे थे। शिकायत के आधार पर सीपत पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम रवाना कर संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मो. यासीब अंसारी (21), निवासी कासिमपारा, तोरवा और मो. जफर खान (38), निवासी मूल रूप से वैशाली बिहार एवं वर्तमान में लिंगियाडीह, सरकंडा, बिलासपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दोनों टायर डिस्क सहित बरामद किए गए। साथ ही, वारदात में इस्तेमाल ऑटो को भी जब्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
