शादी के नाम पर 5.65 लाख की ठगी, चार महिलाओं समेत पांच आरोपी गिरफ्तार!

जांजगीर-चांपा: (प्रांशु क्षत्रिय) शादी के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का जांजगीर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मोबाइल पर शादी का विज्ञापन चलाकर लोगों को रिश्ता तय कराने का झांसा देने वाले इस गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। आरोपियों पर एक व्यक्ति से 5 लाख 65 हजार 355 रुपये की ठगी करने का आरोप है। साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
शादी के लिए रिश्ता तलाश रहे व्यक्ति को बनाया शिकार…….
नवागढ़ निवासी 53 वर्षीय रेशम लाल साहू अपने लिए शादी का रिश्ता तलाश रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर शादी से संबंधित एक विज्ञापन आया। विज्ञापन के जरिए संपर्क करने पर उन्हें महासमुंद के सरकारी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत पदमा नाम की युवती से शादी कराने का भरोसा दिलाया गया। शुरुआती भुगतान के बाद प्रार्थी को युवती का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया गया, जिसके बाद व्हाट्सएप चैटिंग और फोन पर बातचीत शुरू हुई।
अलग-अलग बहाने बनाकर ऐंठे रुपये….
पुलिस के मुताबिक, युवती बनकर बात करने वाली आरोपी भूमिका रंगारी ने प्रार्थी से अलग-अलग बहाने बनाकर पैसे मांगने शुरू किए। कभी मां के इलाज, कभी अपने इलाज, कभी दुर्घटना तो कभी मां की मृत्यु का हवाला देकर रुपये मांगे गए। शादी की उम्मीद में प्रार्थी ने कुल 5 लाख 65 हजार 355 रुपये विभिन्न खातों में जमा कर दिए। इसके लिए उन्होंने जमीन बेचकर मिली रकम के साथ अन्य लोगों से उधार भी लिया था। जब प्रार्थी ने युवती से मुलाकात करने की बात कही तो वह लगातार बहाने बनाने लगी। संदेह होने पर प्रार्थी महासमुंद के सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां पदमा नाम की कोई युवती नहीं मिली। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 1930 के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई। मामले में साइबर थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 10/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
साइबर जांच में हुआ ठगी के नेटवर्क का खुलासा…….
जांच के दौरान पुलिस ने साइबर क्राइम पोर्टल की मदद से बैंक खातों, बैंकिंग विवरण और मोबाइल नंबरों को ट्रेस किया। जांच में आरोपियों का संबंध राजनांदगांव से सामने आया। पुलिस के अनुसार, भूमिका रंगारी ही पदमा बनकर प्रार्थी से बातचीत करती थी और उसने अपने खाते में लगभग ढाई लाख रुपये प्राप्त किए थे। पूछताछ में भूमिका ने बताया कि वह वर्ष 2025 में लव लाइक रिश्ते मैरिज ब्यूरो में काम करती थी। नौकरी छोड़ने के बाद उसने कथित तौर पर अपनी फर्जी संस्था शुरू की और मोबाइल पर शादी के विज्ञापन चलाकर लोगों को रिश्ते का झांसा देकर पैसे लेने लगी। पुलिस के अनुसार, इस काम में रोहित कुमार गुप्ता, नसीम बानो, तय्यबा बानो और शायना बानो ने भी सहयोग किया। आरोप है कि कमीशन के लालच में उन्होंने रकम प्राप्त करने के लिए अपने बैंक खाते उपलब्ध कराए थे।
चार महिलाओं और एक पुरुष की गिरफ्तारी……
पुलिस ने मामले में भूमिका रंगारी, रोहित कुमार गुप्ता, नसीम बानो, तय्यबा बानो और शायना बानो को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी राजनांदगांव क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। भूमिका रंगारी के विरुद्ध शादी के नाम पर पैसे लेने संबंधी अन्य शिकायतें भी साइबर पोर्टल पर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील……
जांजगीर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल पर दिखने वाले किसी भी विज्ञापन पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। शादी के लिए रिश्ता तलाशते समय मैरिज ब्यूरो और संबंधित व्यक्तियों की पहचान की जांच करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर करने से बचें। ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
