सीपत में दिनदहाड़े चोरी; पार्किंग में खड़े ट्रेलर के दो टायर डिस्क समेत पार, ऑटो सहित पकड़े गए दो आरोपी..50 हजार के टायर चोरी करने का आरोप, दूसरे ट्रेलर में लगाने की थी तैयारी!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सीपत क्षेत्र में दिनदहाड़े ट्रेलर के टायर चोरी करने का मामला सामने आया है। मटेरियल गेट के पास पार्किंग में खड़े ट्रेलर को निशाना बनाते हुए दो टायर डिस्क समेत निकाल लिए गए। इसके बाद उन्हें डीजल ऑटो में लादकर ले जाने की तैयारी थी, लेकिन वाहन चालक की नजर पड़ने से कथित चोरी का खुलासा हो गया। सूचना मिलते ही ट्रेलर मालिक मौके पर पहुंचा और पूछताछ की। मामले में सीपत पुलिस ने इयासीफ खान और मोहम्मद जाफर खान के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जांजी में मां काली मंदिर के पास रहने वाले हेमंत यादव ट्रांसपोर्टिंग का काम करते हैं। उनका ट्रेलर क्रमांक CG 10 BM 5851 खराब होने के कारण पिछले करीब एक महीने से मटेरियल गेट, सीपत के पास पार्किंग में खड़ा था। 10 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे हेमंत यादव के दूसरे वाहन के चालक मुकेश कुमार रजक और जेसीबी चालक ओम प्रकाश यादव ड्यूटी पर पहुंचे। इसी दौरान मुकेश की नजर ट्रेलर से गायब टायरों पर पड़ी। पता चला कि ट्रेलर के दो टायर डिस्क समेत निकालकर एक डीजल ऑटो में ले जाए जा रहे हैं। उसने तत्काल ट्रेलर मालिक को फोन कर घटना की जानकारी दी।
दूसरे ट्रेलर में लगाने के लिए निकाले थे टायर…….
सूचना मिलते ही हेमंत यादव मौके पर पहुंचे और ट्रेलर की जांच की। इस दौरान एक्सल से जेके कंपनी के 1000-20 साइज के दो टायर डिस्क समेत गायब मिले। टायर निकालने के बाद एक्सल के नीचे पत्थर लगाया गया था। चोरी गए टायरों की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ के दौरान मोहम्मद जाफर खान ने कथित तौर पर बताया कि इयासीफ खान के कहने पर टायर निकाले गए थे और उन्हें ग्राम मटियारी में खड़े उसके ट्रेलर में लगाया जाना था। हालांकि, इससे पहले ही मामले का खुलासा हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ऑटो, टायर और दोनों आरोपियों को थाने लाया। प्रार्थी हेमंत यादव की शिकायत पर सीपत पुलिस ने इयासीफ खान एवं मोहम्मद जाफर खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) और 303(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। दिनदहाड़े पार्किंग में खड़े वाहन से टायर निकालने की इस घटना ने क्षेत्र में वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
