BilaspurChhattisgarhCrimeRaftaar News Cg

बिलासपुर: दिनदहाड़े सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश; 10 मामलों में सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत लाखों का माल बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार…चोरी के पैसों से खरीदी क्रेटा और बुलेट भी जब्त!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) ग्रामीण क्षेत्रों में दिनदहाड़े सूने मकानों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी करने वाले गिरोह का बिलासपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसीसीयू बिलासपुर और थाना कोटा पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बिलासपुर जिले के विभिन्न थानों के नौ और कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र के एक मामले सहित कुल 10 चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों से करीब छह लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 1.30 लाख रुपये नकद, गुल्लक के 1,250 रुपये के सिक्के तथा चोरी की रकम से खरीदी गई क्रेटा कार और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद कुमार वासुदेव (33), भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी (43) और राज प्रजापति उर्फ लल्लू (19), निवासी डिपरपारा, ग्राम मानिकपुर, जिला कोरबा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ पूर्व में जांजगीर जिले में भी दिन के समय चोरी के 19 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इन मामलों में आरोपी वर्ष 2022-23 के दौरान जेल भी जा चुके हैं और प्रकरण विचाराधीन हैं।

खेती-किसानी के समय सूने मकानों को बनाते थे निशाना…….

पुलिस के मुताबिक, जिले के कोटा, रतनपुर, बिल्हा और बेलगहना सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले कुछ महीनों से दिन के समय चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। आरोपी उस समय वारदात को अंजाम देते थे, जब ग्रामीण खेती-किसानी या अन्य कामों से घर से बाहर चले जाते थे। सूने मकानों पर ताला लगा देखकर आरोपी ताला तोड़ते और अंदर रखी पेटियों व आलमारियों से जेवरात और नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे। लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने आरोपियों की पतासाजी कर चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, एसीसीयू नोडल अधिकारी एवं सीएसपी सुदीप सरकार तथा एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के नेतृत्व में थाना कोटा और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई।

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से पहुंचे आरोपियों तक…….

पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान कोरबा जिले के संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने दोपहर के समय मोटरसाइकिल से ग्रामीण इलाकों में घूमकर सूने मकानों में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के जेवरात और नकदी बरामद की।

चोरी की रकम से खरीदी क्रेटा और बुलेट जब्त…….

पूछताछ में आरोपी विनोद कुमार वासुदेव ने चोरी की रकम से क्रेटा कार खरीदने और उसकी किस्तें चुकाने की जानकारी दी। वहीं, आरोपी राज प्रजापति उर्फ लल्लू ने चोरी की रकम से अपने चाचा के नाम पर बुलेट मोटरसाइकिल खरीदने और उसकी किस्तें जमा करने की बात बताई। पुलिस ने अपराध से अर्जित संपत्ति होने के आधार पर क्रेटा कार और बुलेट मोटरसाइकिल जब्त कर ली। इसके अलावा एक होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

ये सामान हुआ बरामद…….

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 1.30 लाख रुपये नकद और गुल्लक के 1,250 रुपये के सिक्के बरामद किए हैं। जब्त वाहनों में करीब 10 लाख रुपये कीमत की क्रेटा कार, 1.50 लाख रुपये कीमत की बुलेट मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये कीमत की होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल शामिल है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को चोरी के कुल 10 मामलों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और संपत्ति की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना जारी है।

 

YOUTUBE RAFTAAR NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!
Latest
बिलासपुर: दिनदहाड़े सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश; 10 मामलों में सोने-चांदी के जे... सीपत; ट्रेलर से दो टायर चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 50 हजार रुपये के टायर और वारदात में इस्तेम... शादी के नाम पर 5.65 लाख की ठगी, चार महिलाओं समेत पांच आरोपी गिरफ्तार! सीपत में मोबाइल टावर की बैटरियां चोरी, स्टोर रूम का ताला तोड़कर उड़ाई 7 बैटरियां, छह आरोपी गिरफ्तार! बिलासपुर; गाड़ी मोड़ने के दौरान हुआ विवाद, मारपीट के आरोप में दो युवक गिरफ्तार! सीपत में दिनदहाड़े चोरी; पार्किंग में खड़े ट्रेलर के दो टायर डिस्क समेत पार, ऑटो सहित पकड़े गए दो आर... बिलासपुर में बस एजेंट से हफ्ता वसूली, मारपीट और लूट का आरोप; आदतन बदमाश तारण निर्मलकर समेत 3 गिरफ्ता... 16 साल पहले खरीदी जमीन पर कब्जा; सीमांकन के लिए भटक रहीं भाजपा की आदिवासी पार्षद..जमीन विवाद ने पकड़... चाइल्ड हेल्पलाइन कार्यालय में मारपीट और हंगामा; पत्रकारिता की धौंस दिखाने का आरोप, हनु नायक गिरफ्तार... जंगल में जुए के फड़ पर पुलिस का छापा, 9 जुआरी गिरफ्तार..47,500 रुपये नकद, 11 बाइक, ब्रेजा कार और 8 म...