बिलासपुर में बस एजेंट से हफ्ता वसूली, मारपीट और लूट का आरोप; आदतन बदमाश तारण निर्मलकर समेत 3 गिरफ्तार!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) बस एजेंट से कथित हफ्ता वसूली और मारपीट के मामले में सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले का एक अन्य आरोपी हसन खान फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार, टिकरापारा निवासी शरद कश्यप अंबिका बस में बुकिंग एजेंट का काम करता है। 6 अक्टूबर की रात पेट्रोल पंप के पास बस का हिसाब बनाते समय तारण निर्मलकर, घनश्याम तोण्डे उर्फ छोटू, बाला उर्फ मोन्टू यादव और हसन खान दो बाइकों से वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पिछले सप्ताह की हफ्ता वसूली के पैसे मांगे। मना करने पर गाली-गलौज करते हुए शरद से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके साथियों के साथ भी मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के मुताबिक, घटना के दौरान बस के हिसाब के करीब 11 हजार रुपये और मोबाइल गिर गए थे। बाद में मोबाइल व कुछ पैसे मिल गए, लेकिन लगभग 3300 रुपये नहीं मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर दबिश दी गई। पुलिस ने तारण निर्मलकर (37), घनश्याम तोण्डे उर्फ छोटू (28) और बाला उर्फ मोन्टू यादव (27), सभी निवासी तिफरा क्षेत्र, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। फरार आरोपी हसन खान की तलाश जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि डराकर या धमकाकर पैसे मांगने की घटना होने पर तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें।
