बिलासपुर; शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाया, दुष्कर्म का आरोप..रायपुर से आरोपी गिरफ्तार!


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में तारबाहर पुलिस ने 22 वर्षीय युवक को रायपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग को भी रायपुर स्थित आरोपी के किराये के मकान से बरामद किया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में नाबालिग की मां ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी 9 मई 2026 की शाम घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका थी। शिकायत के आधार पर तारबाहर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की लोकेशन रायपुर में होने की जानकारी जुटाई। सूचना मिली कि आरोपी नाबालिग को रायपुर में एक किराये के मकान में रखे हुए है। इसके बाद तारबाहर पुलिस की टीम तत्काल रायपुर रवाना हुई। पुलिस टीम ने रायपुर स्थित आरोपी के किराये के मकान में दबिश देकर नाबालिग को बरामद किया और आरोपी ठाकुर राम रात्रे उर्फ हर्ष (22), निवासी ग्राम नरदहा, थाना विधानसभा, रायपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 151/2026, धारा 137(2), 87, 64(2)(ड) बीएनएस तथा 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

