बालोद एसिड अटैक में बड़ा खुलासा : प्रेमी ने दोस्त के साथ मिलकर रची थी साजिश, शादी से इनकार पर कराया हमला
बालोद एसिड अटैक मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। कथित प्रेमी ने दोस्त के साथ मिलकर हमले की साजिश रची थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एसिड जब्त किया.....

बालोद। शहर में लाइब्रेरी से घर लौट रही युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात किसी अज्ञात व्यक्ति ने अचानक नहीं की थी, बल्कि युवती के कथित प्रेमी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर हमले की साजिश रची थी। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एसिड और वारदात के दौरान पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं।
लाइब्रेरी से लौटते वक्त हुआ था हमला
पुलिस के अनुसार, बालोद निवासी युवती रोजाना की तरह लाइब्रेरी से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान एक युवक ने उस पर एसिड फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल युवती की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसके पिता को सूचना दी। इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होकर तांदुला डैम की तरफ भाग निकला था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देश पर तलाश अभियान शुरू किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच आगे बढ़ाई गई।
CCTV और तकनीकी जांच से संदिग्ध तक पहुंची पुलिस
जांच टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर पर संदेह हुआ। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान यश ने शुरुआत में अलग-अलग बातें बताकर जांच को भटकाने की कोशिश की। हालांकि कड़ाई से पूछताछ के बाद उसने युवती के साथ प्रेम संबंध होने की बात स्वीकार की और कथित तौर पर वारदात की साजिश के बारे में जानकारी दी।
शादी को लेकर विवाद के बाद रची गई साजिश का दावा
पुलिस के मुताबिक, यश सोनकर युवती से शादी करना चाहता था। युवती के तैयार नहीं होने और किसी अन्य जगह संबंध या शादी की बात को लेकर वह नाराज था। इसी नाराजगी में उसने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल के दोस्त करण कुंजाम के साथ मिलकर एसिड अटैक की योजना बनाई। जांच के अनुसार, यश ने 26 सितंबर को करण को बालोद बुलाया था। अगले दिन दोनों ने एसिड खरीदा और गणेश झांकी के दौरान हमले की योजना बनाई। हालांकि उस समय सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने के कारण योजना को अंजाम नहीं दिया जा सका।
5 अक्टूबर को दिया गया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे युवती जब लाइब्रेरी से घर लौट रही थी, तभी करण कुंजाम ने कथित तौर पर यश सोनकर के कहने पर उस पर एसिड फेंक दिया। हमले के बाद करण मौके से भागकर तांदुला बांध की ओर गया। इसके बाद उसने रास्ते में लिफ्ट लेकर झलमला, मरकाटोला होते हुए चारामा पहुंचने की कोशिश की। इधर पुलिस यश से पूछताछ के आधार पर करण की तलाश में जुट गई और उसे कोंडागांव से हिरासत में लिया गया।
दोनों आरोपियों से एसिड और कपड़े बरामद
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान उन्होंने कथित तौर पर घटना में अपनी भूमिका के संबंध में जानकारी दी। उनके मेमोरेण्डम कथनों के आधार पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एसिड और घटना के समय पहने गए कपड़ों को जब्त किया है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश कुमार सोनकर (20), निवासी नेवारिकला, जिला बालोद और करण कुंजाम (20), निवासी भैरमगढ़, जिला बीजापुर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर की अपील
बालोद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं और युवतियों का पीछा करने, धमकी देने या उन्हें परेशान करने जैसी किसी भी गतिविधि को नजरअंदाज न करें। ऐसी जानकारी सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की गई है, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
