बिलासपुर में स्कूल में नशे में शिक्षक का वीडियो वायरल : 10 महीने से वेतन नहीं मिलने का दावा, पीएम मोदी पर की अभद्र टिप्पणी
बिलासपुर के कोटा स्थित बहेरामुड़ा शासकीय स्कूल का वीडियो वायरल है, जिसमें नशे में दिख रहा शख्स खुद को प्रधान पाठक बताकर 10 महीने से वेतन नहीं मिलने का दावा कर रहा है......


बिलासपुर। जिले के कोटा क्षेत्र की बहेरामुड़ा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति कथित तौर पर नशे की हालत में नजर आ रहा है। वीडियो में वह व्यक्ति खुद को स्कूल का प्रधान पाठक बताते हुए लंबे समय से वेतन नहीं मिलने की बात कह रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी भी करता दिखाई दे रहा है।
वीडियो में मौजूद व्यक्ति का दावा है कि उसे करीब 10 महीने से वेतन नहीं मिला है। वह इसके लिए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी को जिम्मेदार ठहराता नजर आ रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की वास्तविक पहचान को लेकर ही सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रधान पाठक की पहचान को लेकर असमंजस
वीडियो में नशे की हालत में दिखाई दे रहा शख्स खुद को स्कूल का प्रधान पाठक बताता है। वहीं, वीडियो में मौजूद एक अन्य व्यक्ति बाद में अपना परिचय बहेरामुड़ा स्कूल के प्रधान पाठक प्रदीप कुमार पेंद्रो के रूप में देता है। ऐसे में वायरल वीडियो में नजर आ रहा व्यक्ति वास्तव में स्कूल का प्रधान पाठक है या नहीं, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। यही वजह है कि वीडियो के आधार पर लगाए जा रहे आरोपों की पूरी सच्चाई फिलहाल सामने नहीं आई है। शिक्षक के वेतन से जुड़ा दावा भी विभागीय रिकॉर्ड की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
दो शिक्षकों के भरोसे स्कूल
मामले में यह बात भी सामने आ रही है कि बहेरामुड़ा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला का संचालन कथित तौर पर सिर्फ दो शिक्षकों के भरोसे हो रहा है। यदि यह दावा सही है तो इससे स्कूल में विभागीय निगरानी और शिक्षकों की उपलब्धता को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं।

