बिलासपुर के केंद्रीय जेल में मोबाइल लेकर जा रहे थे युवक..जेल प्रहरी ने रोका तो कर दी मारपीट, भेजे गए जेल!


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) केंद्रीय जेल बिलासपुर में मोबाइल लेकर मुलाकात कक्ष की ओर जा रहे दो युवकों को रोकना जेल प्रहरी को भारी पड़ गया। जेल नियमों का हवाला देते हुए मोबाइल अंदर ले जाने से मना करने पर दोनों युवकों ने जेल प्रहरी से गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, जेल प्रहरी पुरुषोत्तम सिंह पोटाम की 1 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से केंद्रीय जेल परिसर में घर मुलाकाती ड्यूटी लगी थी। इसी दौरान श्रीयांश सिंह और शंभू यादव मोबाइल फोन लेकर मुलाकात कक्ष की ओर जा रहे थे। जेल प्रहरी ने दोनों को रोककर जेल के नियमों की जानकारी दी और मोबाइल फोन अंदर ले जाने से मना किया। बताया गया कि जेल परिसर में मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित है। आरोप है कि मोबाइल ले जाने से रोके जाने पर दोनों युवक नाराज हो गए और जेल प्रहरी से गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों ने जेल प्रहरी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में जेल प्रहरी के दाहिने कंधे में दर्द होने की बात सामने आई है। इतना ही नहीं, आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों युवकों ने वहां रखी दाहिनी ओर की बेंच को भी खींचकर तोड़ दिया। जेल प्रहरी ने शिकायत में आरोप लगाया कि दोनों ने ड्यूटी में बाधा डालते हुए शासकीय कार्य प्रभावित किया। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने श्रीयांश सिंह और शंभू यादव के खिलाफ धारा 115(2), 132, 221, 296 और 351(2) BNS के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

