लुतरा शरीफ में गूंजा अजीमुशान जलसा-ए-तकरीर; शाही संदल-चादर में उमड़ा अकीदतमंदों का हुजूम..किछौछा शरीफ के सैय्यद राशिद मक्की मियां ने दी तकरीर, दो हाफिजों की हुई दस्तारबंदी!


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) शहंशाहे छत्तीसगढ़ हजरत बाबा सैय्यद इंसान अली शाह रहमतुल्लाहि अलैह के 68वें सालाना उर्स-ए-पाक के मौके पर लुतरा शरीफ में धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में अकीदत और एहतराम के साथ शाही संदल-चादर और अजीमुशान जलसा-ए-तकरीर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जायरीन और अकीदतमंद शामिल हुए। शाही संदल-चादर नानी अम्मा की दरगाह से निकाली गई, जो पुरानी दरगाह के रास्ते दरगाह शरीफ पहुंची। यहां अकीदतमंदों की मौजूदगी में चादरपोशी की गई। इस दौरान दरगाह परिसर में रूहानी माहौल बना रहा और जायरीनों ने मुल्क व प्रदेश में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे के लिए दुआएं मांगीं।
किछौछा शरीफ के सैय्यद राशिद मक्की मियां ने की तकरीर…..
रात 9 बजे अजीमुशान जलसा-ए-तकरीर का आयोजन हुआ। इसमें किछौछा शरीफ, उत्तर प्रदेश से पहुंचे हजरत अल्लामा व मौलाना सैय्यद राशिद मक्की मियां ने विशेष रूप से शिरकत की और तकरीर पेश की। उन्होंने धार्मिक एवं सामाजिक विषयों पर विचार रखते हुए नेक रास्ते पर चलने, आपसी भाईचारा कायम रखने और इंसानियत की सेवा करने का संदेश दिया। उनकी तकरीर सुनने के लिए बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे। कार्यक्रम की सदरात मोहसिने कौमो मिल्लत हजरत मौलाना अल्हाज कारी सैय्यद शब्बीर अहमद अशरफी, कोरबा ने की।
दो हाफिजों की हुई दस्तारबंदी……
उर्स के दौरान दस्तारे हिफ्ज का विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें हाफिज मोहम्मद दिलशाद इब्न मो. रिसालत, ग्राम गेरवानी, जिला रायगढ़ तथा हाफिज मोहम्मद शफीक इब्न अलाउद्दीन खान, ग्राम मस्तुरी, जिला बिलासपुर की दस्तारबंदी की गई।
95 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली सादिया निकहत का सम्मान…..
कार्यक्रम में लुतरा शरीफ निवासी सादिया निकहत को भी सम्मानित किया गया। सादिया ने कक्षा 12वीं में 95 प्रतिशत अंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। वह मोहम्मद शौकत अली हबीबी, संचालक हबीबी चैनल, लुतरा शरीफ की बेटी हैं। उनकी उपलब्धि पर उपस्थित लोगों ने खुशी जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में दरगाह इंतजामिया कमेटी के सदर हाजी मो. इकबाल हक, खजांची फैजान अहमद शेबू और नायब खजांची जावेद रब्बानी सहित कमेटी के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। इसके अलावा नजीर अहमद (बलौदा), मो. सज्जाद सिद्दीकी (कोरबा), सैयद इंसान अली (बिलासपुर), शेख सिकार, मो. एजाज खान, अब्दुल वहाब अशरफी, हाजी अनवारूल हक, हाजी अब्दुल करीम बेग, मुशर्रफ खान, शहनवाज मेमन सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


