सीपत; लड़की के चक्कर में गांव पहुंचे युवक, युवकों की टोली ने घेरा और बरसाए डंडे-बेल्ट..शराब के पैसे मांगे, ऑनलाइन भी कराया ट्रांसफर!


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सीपत थाना क्षेत्र के बसहा गांव में लड़की के सिलसिले में पहुंचे दो युवकों के साथ मारपीट और पैसे वसूली का मामला सामने आया है। आरोप है कि 5-6 युवकों ने दोनों को घेरकर डंडे, बेल्ट और पाइप से जमकर पीटा। मारपीट के दौरान आरोपियों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे और ऑनलाइन रकम भी ट्रांसफर कराई। घटना के बाद पीड़ित युवकों ने सीपत थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक किसी लड़की के सिलसिले में बसहा गांव पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया और विवाद के बाद मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि युवकों ने डंडे, बेल्ट और पाइप से दोनों की पिटाई की। मारपीट के दौरान उनसे शराब पीने के लिए पैसे भी मांगे गए। आरोप है कि रकम देने के बावजूद युवकों को नहीं छोड़ा गया और उनसे ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर करवाए गए। घटना की शिकायत मिलने के बाद सीपत पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी पंकज कुमार पटेल के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में एक युवक का तीन युवकों द्वारा रास्ता रोकना सामने आया है। आरोप है कि शराब पीने के लिए पैसे मांगते हुए उसके साथ मारपीट की गई। शिकायत के आधार पर सीपत थाने में अपराध पंजीबद्ध किया गया है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब घटना की पूरी वजह, मारपीट में शामिल सभी युवकों की भूमिका और पैसों के लेन-देन से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है। लड़की के विवाद से शुरू हुआ मामला मारपीट और कथित पैसों की वसूली तक पहुंचने से गांव में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

