SIR के खिलाफ रायपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन : PM मोदी और CEC ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका, पुलिस से झूमाझटकी
SIR और मतदाता सूची के मुद्दे पर रायपुर में कांग्रेस ने पैदल मार्च निकाला। घड़ी चौक पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका, प्रदर्शनकारियों ने PM मोदी और CEC ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका.....

रायपुर। SIR और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किया। राजधानी में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले का दहन किया गया। कांग्रेस पहले से ही SIR को लेकर देशव्यापी विरोध कार्यक्रम चला रही है।
राजीव गांधी प्रतिमा से कलेक्ट्रेट तक मार्च
रायपुर में प्रदर्शन की शुरुआत राजीव गांधी की प्रतिमा के पास से हुई। कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर की ओर बढ़े। मार्च में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत, PCC चीफ दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत समेत विधायक, पूर्व मंत्री और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
घड़ी चौक पर पुलिस ने रोका
पैदल मार्च के घड़ी चौक के पास पहुंचने पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की स्थिति बनी। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
CEC के खिलाफ कार्रवाई की मांग
कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि SIR और मतदाता सूची से जुड़े मामलों को लेकर उसका विरोध आगे भी जारी रहेगा। यह मांग कांग्रेस के देशव्यापी प्रदर्शन का हिस्सा है।

