बिलासपुर में युवक की बेरहमी से हत्या : चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, बाईपास के पास फेंका शव, एक संदिग्ध हिरासत में
बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में ओम लहरे की चाकू से हत्या कर शव बाईपास के पास फेंका गया। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है....

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक युवक की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में आरोपियों ने युवक पर चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद शव को बाईपास के पास फेंककर आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान ओम लहरे के रूप में हुई है।
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने मौका पाकर ओम लहरे के साथ मारपीट की और उस पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए शव को फदहाखार-चांदमारी बाईपास के पास ले जाकर फेंक दिया। शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया।
सड़क पर मिले खून के निशान
घटना की जानकारी मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस को सड़क पर खून के निशान मिले हैं, जिससे शव को घसीटकर वहां ले जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक के शरीर पर भी गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।
एक संदिग्ध हिरासत में, अन्य आरोपियों की तलाश
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, उससे पूछताछ की जा रही है और उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। हत्या में शामिल अन्य लोगों की तलाश भी जारी है। फिलहाल पुलिस हत्या की वजह, वारदात के क्रम और आरोपियों की भूमिका को लेकर जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आपसी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है।

