डोंगरगढ़ में स्कूल की बदहाली पर भड़के ग्रामीण : भवन-शिक्षक की मांग को लेकर जड़ा ताला, प्रशासन को 1 महीने का अल्टीमेटम
डोंगरगढ़ के तोतलभर्री गांव में स्कूल भवन और शिक्षक की मांग को लेकर ग्रामीणों ने तालाबंदी कर विरोध जताया। छह महीने से मांग पूरी नहीं होने पर नाराज ग्रामीणों ने 1 महीने का अल्टीमेटम दिया...

डोंगरगढ़। वनांचल क्षेत्र के ग्राम तोतलभर्री में सरकारी स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सामने आया। लंबे समय से स्कूल भवन और शिक्षक की मांग कर रहे पालकों एवं ग्रामीणों ने शुक्रवार को स्कूल पहुंचकर तालाबंदी कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार अधिकारियों से शिकायत के बावजूद उनकी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
छह महीने से अधिकारियों के चक्कर लगाने का दावा
ग्रामीणों के मुताबिक स्कूल भवन और शिक्षक की कमी को लेकर करीब छह महीने से शिक्षा विभाग और प्रशासन के अधिकारियों को जानकारी दी जा रही थी। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से लेकर जिला शिक्षा अधिकारी, एसडीएम और कलेक्टर तक अपनी मांग पहुंचाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे नाराज ग्रामीणों ने स्कूल खुलने के समय ही विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान सरपंच, पंच, जनपद सदस्य, पालक और अन्य ग्रामीण स्कूल परिसर में मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने साफ किया कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रशासन को दिया एक महीने का समय
ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने एक महीने की समय-सीमा रखी है। उनका कहना है कि इस अवधि में स्कूल भवन और शिक्षक की व्यवस्था नहीं की गई तो वे दोबारा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
समझाइश के बाद खुला स्कूल का ताला
तालाबंदी की जानकारी मिलने पर शिक्षा विभाग के अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। मंडल अध्यक्ष अनिल सिन्हा समेत अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत की और मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर स्कूल का ताला खोल दिया।

