स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ प्रभारी बनने पर भूपेश बघेल का तंज : बोले- वे घायल शेरनी हैं, अब देखें किसे हटाती हैं?
स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ BJP प्रभारी बनाए जाने पर भूपेश बघेल ने तंज कसा। किसानों, गैस सिलेंडर, असम पथराव और परीक्षा पेपर वायरल मामले पर भी सरकार को घेरा....

रायपुर। छत्तीसगढ़ बीजेपी में नई संगठनात्मक नियुक्ति के बाद प्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का बीजेपी प्रभारी बनाए जाने पर तंज कसा है। उन्होंने स्मृति ईरानी को लेकर कहा कि उनका “वनवास खत्म हुआ है” और वह “घायल शेरनी” हैं। भूपेश बघेल ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ आने के बाद वह संगठन में किसे हटाती हैं, यह देखने वाली बात होगी।
सिलेंडर के मुद्दे पर भी BJP को घेरा
भूपेश बघेल ने स्मृति ईरानी के पुराने चुनावी बयानों का जिक्र करते हुए रसोई गैस की कीमत का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी सिलेंडर लेकर बैठी थीं और मोदी गारंटी के तहत 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने की बात कही गई थी। बघेल ने इस मुद्दे के जरिए बीजेपी की चुनावी घोषणाओं और महंगाई को लेकर सवाल खड़े किए।
किसानों की आत्महत्या को लेकर सरकार पर निशाना
किसानों की आत्महत्या के मुद्दे पर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार को घेरा। बघेल ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में किसान संकट से गुजर रहे हैं और सरकार धान खरीदी से बचने के लिए कई तरह के प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की स्थिति खराब होने के कारणों की जांच की जानी चाहिए।
असम में काफिले पर पथराव को लेकर फिर उठाए सवाल
असम से लौटने के बाद भूपेश बघेल ने वहां चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस नेताओं के काफिले पर हुए पथराव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सांसद रकीबुल हुसैन की ओर से पहले ही पुलिस अधीक्षक को घटना की आशंका के बारे में जानकारी दी गई थी और पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा का भरोसा दिलाया था। घटना के दौरान कुछ लोग काले और बीजेपी के झंडे लिए हुए थे और काफिले पर पत्थर तथा अन्य वस्तुएं फेंकी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने का प्रयास कर रही है, लेकिन इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ा है।
परीक्षा पेपर वायरल होने पर शिक्षा विभाग पर तंज
स्कूली बच्चों के परीक्षा पेपर व्हाट्सऐप पर वायरल होने के मामले में भी बघेल ने सरकार पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग में नियंत्रण जैसी कोई व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि अधिकारी दूसरे कार्यक्रमों में व्यस्त हैं, ऐसे में परीक्षा के पेपर व्हाट्सऐप पर वायरल होना स्वाभाविक है।

