महासमुंद में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा : इनोवा से 132 किलो गांजा बरामद, पुणे के 2 आरोपी गिरफ्तार
महासमुंद के बसना में पुलिस और ANTF ने इनोवा से 132 किलो गांजा बरामद किया। करीब 66 लाख के गांजे के साथ पुणे के दो आरोपी गिरफ्तार, कुल 81.20 लाख का सामान जब्त....

पिथौरा। महासमुंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की कार्रवाई के दौरान बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने बसना थाना क्षेत्र में एक इनोवा कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। मामले में महाराष्ट्र के पुणे जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
नाकाबंदी कर इनोवा को रोका, तलाशी में खुला राज
पुलिस के मुताबिक टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की तरफ से एक इनोवा कार में गांजा भरकर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और ANTF ने बसना थाना क्षेत्र में नाकाबंदी की। इसी दौरान इनोवा कार क्रमांक MH 04 GM 8841 को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 132 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की कीमत करीब 66 लाख रुपये आंकी गई है।
ओडिशा से पुणे ले जा रहे थे गांजा
पुलिस ने मामले में गणेश बाजे (42), निवासी पिपलवंडी, जिला पुणे और विपुल भालेराव (36), निवासी कलंब, जिला पुणे, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के तुमुड़ीबंध, कंधमाल क्षेत्र से गांजा लेकर महाराष्ट्र के पुणे जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांजा, कार और मोबाइल जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 132 किलो गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही इनोवा कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 81 लाख 20 हजार रुपये है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तथा नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

