आकाशीय बिजली बनीं काल : 3 महिलाओं पर गिरी बिजली, एक की मौत और दो गंभीर रूप से घायल
बालोद के पथराटोला में खेत से लौट रही तीन महिलाएं आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। हादसे में 40 वर्षीय अनुसुइया बाई की मौत हो गई, दो महिलाएं गंभीर हैं....

बालोद। जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के ग्राम पथराटोला में बुधवार दोपहर मौसम बिगड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। खेत में निंदाई का काम पूरा कर घर लौट रहीं तीन महिलाएं आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। हादसे में अनुसुइया बाई (40) की मौत हो गई, जबकि क्लेन्द्री बाई (42) और रामेश्वरी सहारे (35) गंभीर रूप से घायल हो गईं।
नीम के पेड़ के पास पहुंचते ही गिरी बिजली
मिली जानकारी के मुताबिक, तीनों महिलाएं गांव के ही चोवाराम हल्बा के खेत में निंदाई करने गई थीं। काम खत्म होने के बाद वे खेत की मेड़ से होते हुए वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और बारिश शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों महिलाएं नीम के पेड़ के पास पहुंची थीं, तभी तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी। बिजली की चपेट में आने से तीनों महिलाएं खेत की मेड़ पर बेसुध होकर गिर पड़ीं। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और निजी वाहन की मदद से तीनों को अस्पताल पहुंचाया।
एक महिला की मौत, दो का अस्पताल में इलाज जारी
अस्पताल में डॉक्टरों ने अनुसुइया बाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं क्लेन्द्री बाई और रामेश्वरी सहारे का दल्लीराजहरा स्थित ज्योति अस्पताल में उपचार जारी है। ग्रामीणों के मुताबिक तीनों महिलाएं कृषक परिवार से हैं और रोजमर्रा के काम के सिलसिले में खेत गई थीं। ग्रामीण मनोज रावटे ने बताया कि बारिश शुरू होने के दौरान महिलाएं खेत से वापस लौट रही थीं। बिजली गिरने के बाद वे काफी देर तक खेत की मेड़ पर बेसुध पड़ी रहीं, जिसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
मर्ग कायम, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
दल्लीराजहरा CSP विकास पाटले के अनुसार, मृतका अनुसुइया बाई के शव को चिखलाकसा की मर्च्युरी में रखा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

