लालखदान में बेखौफ चोर; दुकान के बाहर रखी 16 लोहे की प्लेटें पार, CCTV में कैद हुई करतूत..ओवरब्रिज के नीचे फेब्रिकेशन दुकान को बनाया निशाना!


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) तोरवा थाना क्षेत्र के लालखदान ओवरब्रिज के नीचे स्थित पटेल फेब्रिकेशन एंड रोलिंग्स स्टोर के बाहर रखी लोहे की जीआई प्लेट्स चोरी होने का मामला सामने आया है। देर रात चोर दुकान के बाहर रखी प्लेट्स उठाकर ले गए। पूरी वारदात दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुकान संचालक श्रवण पटेल, पिता रामनंदन पटेल, निवासी लालखदान के मुताबिक सुबह दुकान खोलने पर बाहर रखे सामान की जांच की गई तो जीआई प्लेट्स गायब मिलीं। गिनती करने पर कुल 16 प्लेटें कम पाई गईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 19 हजार रुपये बताई गई है। सामान गायब मिलने के बाद संचालक ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कुछ संदिग्ध लोग दुकान के बाहर रखी जीआई प्लेट्स उठाकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद घटना की सूचना तोरवा पुलिस को दी गई। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। इधर, लालखदान इलाके में दुकान और प्रतिष्ठानों के बाहर से सामान चोरी होने की घटना ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की मांग की है। एक तरफ सीसीटीवी में चोरों की तस्वीर कैद हो गई है, वहीं अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की चुनौती है।

