डीजी जेल हिमांशु गुप्ता का बड़ा कदम : दुर्ग में शुरू हुई छत्तीसगढ़ की पहली ओपन जेल, 30 बंदियों को मिलेगी काम की आजादी
डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने दुर्ग में छत्तीसगढ़ की पहली ओपन जेल का शुभारंभ किया। 30 बंदियों को बाहर काम करने का अवसर मिलेगा, बिलासपुर में भी शुरू होगी ओपन जेल.....
दुर्ग। छत्तीसगढ़ में जेल सुधार और बंदियों के पुनर्वास की दिशा में एक नई व्यवस्था की शुरुआत हुई है। केंद्रीय जेल दुर्ग में प्रदेश की पहली ओपन करेक्शनल इंस्टीट्यूशन (OCI) शुरू की गई है। मंगलवार को डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने इसका शुभारंभ किया। कार्यक्रम में जेल अधीक्षक मनीष संभाकर समेत जेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बंदी मौजूद रहे।
राज्य शासन के जेल विभाग ने 21 सितंबर 2026 को जारी अधिसूचना के जरिए केंद्रीय जेल दुर्ग के सेक्टर-बी स्थित बैरक नंबर 17 को खुली जेल के रूप में अधिसूचित किया है। यह अधिसूचना कारागार अधिनियम, 1894 की धारा 59 की उपधारा (8) और छत्तीसगढ़ कारागार नियम, 1968 के तहत जारी की गई है।
सुबह जेल से बाहर, शाम को फिर लौटेंगे बंदी
दुर्ग में शुरू की गई इस खुली जेल में फिलहाल 30 बंदियों को रखने की क्षमता निर्धारित की गई है। चयनित बंदियों को दिन के समय जेल परिसर से बाहर जाकर निर्धारित काम करने की अनुमति होगी। काम पूरा करने के बाद उन्हें शाम को जेल में वापस लौटना होगा। इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य ऐसे बंदियों को जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ काम करने का अवसर देना है, ताकि वे जेल की सजा पूरी करने के साथ-साथ रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें। इसके जरिए बंदियों को धीरे-धीरे समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
बिलासपुर में भी खुलेगी ओपन जेल
दुर्ग के बाद अब केंद्रीय जेल बिलासपुर में भी ओपन जेल शुरू करने की तैयारी है। प्रदेश में खुली जेल व्यवस्था का विस्तार बंदियों के पुनर्वास की नीति का हिस्सा माना जा रहा है। इसके तहत चयनित बंदियों को परिवार और समाज से जुड़े रहने के साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
आगे अन्य जेलों का भी किया जाएगा विस्तार
दुर्ग में शुरू की गई व्यवस्था के अनुभव के आधार पर आने वाले समय में प्रदेश की अन्य जेलों में भी ओपन करेक्शनल इंस्टीट्यूशन का विस्तार किया जा सकता है। बिलासपुर में यह व्यवस्था शुरू होने के बाद चयनित बंदियों के लिए रोजगार, आत्मनिर्भरता और सामाजिक पुनर्वास के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।
