तखतपुर के काली मंदिर में आधी रात चोरों का धावा; दानपेटी तोड़ी, सोने-चांदी के जेवर उड़ाए, CCTV में कैद दो संदिग्ध..पीछे के रास्ते से दाखिल हुए चोर, CCTV से छेड़छाड़ की कोशिश भी नाकाम!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) तखतपुर नगर के कालीबाड़ी स्थित काली मंदिर में बीती रात चोरों ने धावा बोलकर दानपेटी की नगदी और सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में दो संदिग्ध मंदिर परिसर में दाखिल होते और वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। चोरी गए सामान की कीमत प्रारंभिक तौर पर एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 2 बजे दो संदिग्ध चोर मंदिर के पीछे के रास्ते से परिसर में दाखिल हुए। इसके बाद मंदिर के अंदर पहुंचकर उन्होंने दानपेटी को निशाना बनाया और उसमें रखी नगदी निकाल ली। चोरों ने मंदिर में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गए। चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत मंदिर प्रबंधन द्वारा दी जाने वाली जानकारी और पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी।
CCTV से छेड़छाड़ की कोशिश, फिर भी कैमरे में कैद……
वारदात के दौरान चोरों ने CCTV कैमरों से छेड़छाड़ कर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की, लेकिन उनकी यह कोशिश पूरी तरह सफल नहीं हो सकी। कैमरों में दोनों संदिग्धों की गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर उनकी पहचान में जुटी है। इसके अलावा मंदिर के आसपास और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों के आने और फरार होने का रास्ता पता चल सके।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस…….
मंदिर में चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चोरी से जुड़े साक्ष्यों की जांच की। पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज भी जुटाने शुरू कर दिए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम कार्रवाई कर रही है। मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई नगदी और आभूषण बरामद करने की मांग की है। अब पुलिस के सामने CCTV में कैद दोनों संदिग्धों तक पहुंचने और चोरी का खुलासा करने की चुनौती है।
