बिलासपुर; चलती बस में झपटमारी का ‘गैंग’ बेनकाब..7 महिलाओं समेत 9 गिरफ्तार, 20 हजार में बेची थी सोने की चेन…CCTV से खुला राज, आरोपियों के पास से 8 हजार बरामद, पहले भी झपटमारी के मामलों में जा चुके हैं जेल!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) चलती बस में महिलाओं को घेरकर धक्का-मुक्की के बीच गले से सोने की चेन झपटने वाले गिरोह का रतनपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 महिलाओं समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के कुछ सदस्य पूर्व में भी उठाईगिरी और झपटमारी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार बांकीमोंगरा निवासी भगवान राम प्रधान 2 अगस्त को अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ बिलासपुर आए थे। काम पूरा करने के बाद दोनों नेहरू चौक से बस में सवार होकर घर लौट रहे थे। गीता प्रधान के गले में सोने की चेन थी। महामाया चौक के पास कुछ महिलाएं बस में सवार हुईं। भीड़ के बीच आरोपियों ने गीता प्रधान के साथ धक्का-मुक्की कर उन्हें घेर लिया। इसके बाद महिलाएं शनिचरी चौक रतनपुर के पास बस से उतर गईं। कुछ देर बाद बस खाली होने पर जब गीता प्रधान ने अपने गले की चेन देखी तो वह गायब थी।
CCTV फुटेज से पहुंची पुलिस गिरोह तक……
11 अगस्त को रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शनिचरी चौक रतनपुर और महामाया चौक बिलासपुर के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान कोनकोना, थाना बांगो क्षेत्र की रहने वाली महिलाओं के रूप में हुई। इसके बाद रतनपुर पुलिस टीम ने कोनकोना में घेराबंदी कर 7 महिलाओं और 2 पुरुषों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर एक राय होकर बस में महिला को घेरने, धक्का-मुक्की करने और मौका पाकर चेन चोरी करने की बात स्वीकार की।
20 हजार में बेच दी चेन…….
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चुराई गई सोने की चेन अपने गिरोह की एक अन्य महिला सुरतनी गिरी, निवासी रामनगर, थाना कुसमी को करीब 20 हजार रुपये में बेचने की बात बताई। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि इसमें से 12 हजार रुपये खर्च हो चुके थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 हजार रुपये बरामद किए हैं। फरार आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार सभी 9 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में संगठित अपराध से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय सहित पुलिस टीम के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
