बिलासपुर: शादी का झांसा देकर महिला का शोषण..विरोध करने पर मारपीट; आरोपी गिरफ्तार, जेल गया भेजा!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) शादी का झांसा देकर महिला से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से मुकरने के आरोप में सरकंडा पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता और आरोपी महेन्द्र बानी (36) वर्ष 2020 में स्वामी आत्मानंद स्कूल, तारबाहर में साथ काम करते थे। इसी दौरान दोनों की पहचान हुई। आरोप है कि आरोपी ने खुद का तलाक का मामला चलने की बात बताते हुए 15 अगस्त 2024 को महिला से शादी करने का वादा किया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी पर शादी से मुकरने का आरोप है। पीड़िता द्वारा इसका विरोध करने पर 16 और 17 अगस्त 2026 को आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर चोट पहुंचाई। इसके बाद पीड़िता ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सरकंडा पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी महेन्द्र बानी, पिता लक्ष्मी प्रसाद बानी, निवासी ग्राम रिस्दा, थाना मस्तूरी, हाल मुकाम ग्राम केरा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1176/2026, धारा 69, 296 और 115(2) BNS के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।