CMD कॉलेज में ‘जागरूक नारी’ का संदेश; मासिक धर्म से लेकर साइबर फ्रॉड तक, छात्राओं को दी सुरक्षा की सीख..ट्रैफिक नियमों और डिजिटल ठगी से बचाव के बताए तरीके, विद्यार्थियों ने किया संवाद!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) CMD कॉलेज में आर्यन फिल्म द्वारा बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल और पुलिस कप्तान रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में ‘जागरूक नारी’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं और विद्यार्थियों को मासिक धर्म से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी देने के साथ स्वास्थ्य, सुरक्षा, यातायात नियमों और साइबर फ्रॉड से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में CMD कॉलेज के चेयरमैन डॉ. संजय दुबे और प्राचार्य डॉ. संजय सिंह मौजूद रहे। वहीं ASP मधुलिका सिंह और यातायात ASP रामगोपाल करियारे ने विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी। जागरूकता सत्र में विशेषज्ञों ने छात्राओं को मासिक धर्म से संबंधित आवश्यक और वैज्ञानिक जानकारी दी। स्वच्छता, स्वास्थ्य और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर चर्चा करते हुए छात्राओं के सवालों का सहज तरीके से समाधान किया गया। कार्यक्रम में मासिक धर्म को लेकर व्याप्त झिझक और भ्रांतियों को दूर करने पर विशेष जोर दिया गया।
सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी……
यातायात जागरूकता सत्र में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल, यातायात नियमों के पालन तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई। यातायात ASP रामगोपाल करियारे ने विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक के रूप में सड़क सुरक्षा में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में साइबर फ्रॉड से बचाव और डिजिटल सुरक्षा को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया, ताकि वे ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों से सावधान रह सकें। मंच संचालन ट्रैफिक मास्टर ट्रेनर उमा शंकर पाण्डेय ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रितु साहू का विशेष सहयोग रहा। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करते हुए जागरूकता से जुड़े विषयों पर संवाद किया। कार्यक्रम के आयोजन में Rapido, Hotel Banshiwala, Arena Animation, Tercel Herbal, Ashirwad Hospital एवं जीवधर्नी फाउंडेशन का सहयोग रहा। आयोजकों ने कॉलेज प्रबंधन, अतिथियों, विशेषज्ञों, सहयोगी संस्थाओं और विद्यार्थियों के प्रति आभार जताया। आयोजकों के अनुसार, ‘जागरूक नारी’ का उद्देश्य संवाद के जरिए झिझक दूर करना, सही जानकारी पहुंचाना और छात्राओं एवं विद्यार्थियों को स्वस्थ, सुरक्षित तथा सशक्त समाज की दिशा में जागरूक करना है।
