तखतपुर में चिमनी की आग ने बुझा दी 70 साल की जिंदगी; घर में सो रही बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत..सुबह कमरे का मंजर देख परिजनों के उड़े होश, गांव में पसरा मातम!

तखतपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) तखतपुर क्षेत्र के ग्राम मोढ़े में बिजली गुल होने के दौरान चिमनी जलाकर सोना एक बुजुर्ग महिला के लिए जानलेवा साबित हुआ। चिमनी से लगी आग की चपेट में आने से 70 वर्षीय शाहीन बाई पटेल की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार शाहीन बाई पटेल अपने घर में सो रही थीं। बताया जा रहा है कि वह अक्सर बिस्तर के पास चिमनी रखकर सोती थीं। बीती रात बिजली गुल होने के बाद उन्होंने चिमनी जलाई और सो गईं। इसी दौरान किसी तरह चिमनी से आग लग गई। सुबह काफी देर तक शाहीन बाई के बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। कमरे में जाकर देखने पर घटना की जानकारी हुई। इसके बाद तत्काल तखतपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद घटना की स्थिति और स्पष्ट होगी। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
