HPCL के नाम पर ‘डुप्लीकेट तेल’ का खेल; तीन दुकानों पर पुलिस की रेड, 2.50 लाख का माल जब्त..56 नग डुप्लीकेट तेल बरामद, दुकान संचालकों पर अपराध दर्ज!

जांजगीर-चांपा: (प्रांशु क्षत्रिय) हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी (HPCL) के नाम और पैकिंग का कथित तौर पर दुरुपयोग कर डुप्लीकेट तेल बेचने वालों के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली जांजगीर और चाम्पा पुलिस की टीमों ने संदिग्ध दुकानों पर रेड कार्रवाई करते हुए तीन दुकान संचालकों के कब्जे से 56 नग डुप्लीकेट तेल बरामद किया है। जब्त सामग्री की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, जिले में कंपनी के नाम पर नकली अथवा डुप्लीकेट उत्पादों की बिक्री की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सिटी कोतवाली और चाम्पा पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर संदिग्ध दुकानों की जांच शुरू की। इसी दौरान हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के नाम पर डुप्लीकेट तेल बेचने की शिकायत के आधार पर दुकानों में रेड की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तीन दुकान संचालकों के कब्जे से 44 नग बड़े बकेट और 12 नग छोटे केन, कुल 56 नग तेल बरामद कर जब्त किया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 2,50,000 रुपये है। पुलिस द्वारा बरामद उत्पादों से संबंधित दस्तावेजों और बिक्री संबंधी जानकारी की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया कंपनी के अधिकृत उत्पाद के नाम एवं पैकिंग का कथित दुरुपयोग कर डुप्लीकेट तेल बेचे जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने संबंधित आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जब्त सामग्री का सत्यापन भी कराया जा रहा है।
इन दुकान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई…..
01. कौशल अग्रवाल, उम्र 50 वर्ष, निवासी स्टेशन रोड, बरपाली चौक, चाम्पा।
02. अमन शर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी नेताजी चौक, जांजगीर।
03. नीरज अग्रवाल, उम्र 51 वर्ष, निवासी दुर्गा ऑटोमोबाइल, चाम्पा।
