खूंटाघाट में ‘मौत से सेल्फी’; खतरे की हद पार कर गए लोग..पुलिस ने मौके पर ही सिखाया सबक!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) बारिश के मौसम में खूंटाघाट वेस्टवियर में पानी का तेज बहाव लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। इसके बावजूद कुछ लोग अपनी जान की परवाह किए बिना सुरक्षा गेट लांघकर वेस्टवियर के खतरनाक हिस्से तक पहुंच गए। यहां लोग तेज बहाव के बिल्कुल करीब खड़े होकर सेल्फी और वीडियो बनाते नजर आए। इतना ही नहीं, कुछ लोग अपने परिवार, महिलाओं और बच्चों को भी जानलेवा जोखिम वाले स्थान पर ले गए। मामले की जानकारी और सामने आई तस्वीरों के बाद रतनपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गेट लांघकर अंदर पहुंचे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने लापरवाही बरतने वालों को जमकर फटकार लगाई और उन्हें समझाया कि बारिश के दौरान गहरे पानी, नदी-नालों, डेम और वेस्टवियर के तेज बहाव के आसपास जाना बेहद खतरनाक हो सकता है।
पुलिस की सख्ती, मौके पर कराई उठक-बैठक……
लापरवाही करने वाले कुछ लोगों के खिलाफ पुलिस ने मौके पर ही सख्त रुख अपनाया। उन्हें उठक-बैठक कराकर चेतावनी दी गई। पुलिस ने साफ कहा कि सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड और गेट को पार करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। पुलिस ने लोगों को चेताया कि महज कुछ सेकंड की सेल्फी या सोशल मीडिया रील के लिए अपनी जिंदगी को खतरे में डालना भारी पड़ सकता है। खासकर बच्चों और परिवार के सदस्यों को ऐसे खतरनाक स्थानों पर ले जाने से बचने की अपील की गई।
खूंटाघाट में लगातार निगरानी…..
बारिश के मौसम को देखते हुए खूंटाघाट वेस्टवियर के गेट पर लोगों की सुरक्षा के लिए ताला लगाया गया है, ताकि आमजन खतरनाक क्षेत्र में प्रवेश न कर सकें। रतनपुर पुलिस द्वारा नदी-नालों, डेम और वेस्टवियर समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। रतनपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बारिश के दौरान तेज बहाव और गहरे पानी वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें। सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड और गेट को पार न करें। सेल्फी और रील के चक्कर में अपनी और अपने परिवार की जान जोखिम में न डालें।
