R15 में छिपाकर ले जा रहा था महुआ की ‘खेप’; मस्तूरी पुलिस ने मारी दबिश..शराब-बाइक समेत 1.86 लाख का माल जब्त!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मस्तूरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कच्ची महुआ शराब का परिवहन कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 33 लीटर कच्ची महुआ शराब और एक मोटरसाइकिल समेत कुल 1 लाख 86 हजार 400 रुपये का सामान जब्त किया है। आरोपी को आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार जिले में अवैध नशे के कारोबार और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में मस्तूरी पुलिस को 15 अगस्त को मुखबिर से अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मस्तूरी निरीक्षक सलीम खाखा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी राहुल बंजारे, उम्र 20 वर्ष, निवासी नागरडीह, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर को मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BW 7912 से शराब ले जाते पकड़ा। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रखी सफेद-नीले रंग की प्लास्टिक बोरी से पारदर्शी पॉलिथीन में पैक 11 पैकेट कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। प्रत्येक पैकेट में तीन-तीन लीटर शराब थी। कुल 33 लीटर शराब की कीमत करीब 6,400 रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी यह शराब ग्राम नागरडीह से ग्राम जोरवा होते हुए मस्तूरी की ओर लेकर जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। कार्रवाई में शराब के साथ करीब 1 लाख 80 हजार रुपये कीमत की R15 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। शराब और वाहन की कुल जब्ती कीमत 1,86,400 रुपये आंकी गई है। मस्तूरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 563/2026 के तहत धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
