बिलासपुर एसईसीएल में शान से लहराया तिरंगा, ऊर्जा सुरक्षा से विकसित भारत तक का संकल्प..80वें स्वतंत्रता दिवस पर सीएमडी ने किया ध्वजारोहण, परेड की सलामी लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को किया सम्मानित!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। वसंत विहार खेल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने परेड कमांडर व्ही. दक्षिणामूर्ति एवं वरिष्ठ सुरक्षा निरीक्षक डी.पी. दिवाकर के नेतृत्व में आयोजित मुख्य परेड का निरीक्षण किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि भारत की तेज आर्थिक प्रगति के साथ ऊर्जा की मांग लगातार बढ़ रही है। हाल के वैश्विक और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों ने ऊर्जा सुरक्षा के महत्व को और रेखांकित किया है। ऐसे समय में घरेलू कोयला देश की ऊर्जा व्यवस्था के लिए एक भरोसेमंद स्रोत के रूप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि एसईसीएल के खनिक श्रमवीरों का परिश्रम देश की ऊर्जा सुरक्षा और विकास यात्रा से सीधे जुड़ा हुआ है। कंपनी गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध कोयला आपूर्ति के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में अपनी भूमिका निभा रही है। उन्होंने एसईसीएल परिवार के कर्मचारियों, श्रमिकों, उनके परिवारों और सभी हितधारकों के सामूहिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इसी एकजुटता और प्रतिबद्धता के साथ कंपनी राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका लगातार मजबूत करती रहेगी।
परेड, देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां…….
मुख्य समारोह में अतिथियों ने सामूहिक रूप से कबूतर और गुब्बारे आकाश में छोड़कर शांति एवं सद्भाव का संदेश दिया। इसके बाद डीएवी पब्लिक स्कूल, लोयला स्कूल, होली नर्सरी स्कूल, ड्रीमलैंड एवं कृष्णा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह में देशप्रेम और उत्साह का रंग भर दिया। परेड में उत्कृष्ट कवायद दल, सर्वोत्कृष्ट कवायद दल एवं उत्तम पोशाक के लिए प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि के हाथों पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एसईसीएल कर्मियों और उनके बच्चों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में निदेशक तकनीकी-संचालन एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक मानव संसाधन बिरंची दास, निदेशक वित्त डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक तकनीकी-योजना एवं परियोजना रमेश चंद्र महापात्र, एसईसीएल परिवार की प्रथम महिला एवं श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन सहित उपाध्यक्षगण, मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी, श्रमसंघ प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे। इससे पहले एसईसीएल मुख्यालय के प्रशासनिक भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में निदेशक मानव संसाधन बिरंची दास ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सुरक्षा टुकड़ी की सलामी ली।
‘सृजन’ सीनियर एग्जीक्यूटिव हॉस्टल का लोकार्पण…..
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के बाद सीएमडी हरीश दुहन ने निदेशकगण, मुख्य सतर्कता अधिकारी, श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्षा शशि दुहन एवं उपाध्यक्षगण की उपस्थिति में वसंत विहार कॉलोनी में नवनिर्मित ‘सृजन’ (जी+4) सीनियर एग्जीक्यूटिव हॉस्टल का लोकार्पण किया। इस नई सुविधा के शुरू होने से एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों के लिए आवासीय सुविधाओं का विस्तार हुआ है। समारोह का संचालन एवं उद्घोषणा वरिष्ठ प्रबंधक (एचआर) पाणी पंकज पांडे और सुरक्षा निरीक्षक एम.पी. जांगड़े ने किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में तिरंगे की शान, देशभक्ति प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह ने पूरे एसईसीएल परिसर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।
