रतनपुर में करैत के डसने से 9 साल की मासूम की मौत; रात में सोते समय हुआ दर्दनाक हादसा!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पचरा के खसरिया पारा में जहरीले करैत सांप के डसने से 9 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार शालनी अघरिया (9), पिता लक्ष्मीप्रसाद अघरिया, गांव के प्राथमिक विद्यालय में तीसरी कक्षा की छात्रा थी। सोमवार रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रही थी। देर रात करीब 2:30 बजे एक जहरीला करैत सांप घर में घुस आया और सो रही बच्ची की हाथ की उंगली पर डस लिया। कुछ देर बाद परिजनों की नजर सांप पर पड़ी, जिसके बाद वे तत्काल बच्ची को रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया। सिम्स में उपचार के दौरान मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे बच्ची ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
