बिलासपुर; नशे की हालत का फायदा उठाकर बाइक, मोबाइल और सोने की बाली चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) तोरवा पुलिस ने नशे की हालत में युवक से मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और सोने की बाली चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, ग्राम ढेका निवासी श्रवण कुमार ने 27 जून 2026 को थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई कि वह मुक्तिधाम के पास स्थित शराब भट्ठी के समीप नशे की हालत में था। इसी दौरान दो अज्ञात युवक उसे अपने साथ कुछ दूरी तक ले गए और उसकी नशे की अवस्था का फायदा उठाकर उसकी पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-10 BN-7932), मोबाइल फोन तथा सोने की बाली चोरी कर फरार हो गए।शिकायत के आधार पर थाना तोरवा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीस मसीह (40), निवासी देवरीडीह तथा अरुण उर्फ गोलू नेताम (20), निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, देवरीखुर्द, थाना तोरवा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनके कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और सोने की बाली बरामद कर ली गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(3) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
