बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर गूंजा देशभक्ति का तराना, आरपीएफ बैंड ने बांधा समां; ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ और स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर शानदार बैंड प्रस्तुति..यात्रियों से लेकर शहरवासियों तक में दिखा राष्ट्रप्रेम का जोश!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) ‘वंदे मातरम्’ गीत की 150वीं वर्षगांठ एवं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर द्वारा 15 अगस्त की संध्या बिलासपुर रेलवे स्टेशन परिसर में भव्य आरपीएफ ब्रास बैंड प्रस्तुति का आयोजन किया गया। स्टेशन के वीआईपी गेट नंबर-2 के सामने स्थित डोम परिसर में हुई इस प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। सायं 6.45 बजे से रात 8 बजे तक आरपीएफ की ब्रास बैंड टीम ने देशभक्ति से ओतप्रोत लोकप्रिय गीतों और मधुर धुनों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। बैंड की जोशीली धुनों के बीच यात्रियों और स्थानीय नागरिकों में राष्ट्रप्रेम का उत्साह देखते ही बना। आरपीएफ बैंड टीम ने ‘वंदे मातरम्’, ‘दिल दिया है जान भी देंगे’, ‘ऐ वतन ऐ वतन हमको तेरी कसम’, ‘कदम कदम बढ़ाए जा’, ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’, ‘आओ बच्चों तुम्हें दिखाएं झांकी हिंदुस्तान की’, ‘ये देश है वीर जवानों का’ और ‘सारे जहां से अच्छा’ सहित अनेक लोकप्रिय देशभक्ति गीतों एवं धुनों की प्रस्तुति दी। बैंड की शानदार प्रस्तुति के दौरान स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों और नागरिकों का उत्साह देखते ही बना। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति हुई, जिसके साथ पूरा परिसर राष्ट्रगौरव और देशभक्ति की भावना से गूंज उठा। कार्यक्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती मीनाक्षी शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इस अवसर पर महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त/रेसुब/बिलासपुर, उप महानिरीक्षक-सह-मुख्य सुरक्षा आयुक्त, मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त/रेसुब/बिलासपुर सहित रेलवे सुरक्षा बल, शासकीय रेलवे पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी, रेलवे कर्मचारी, यात्री एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
राष्ट्रप्रेम से सराबोर हुआ रेलवे स्टेशन……..
आरपीएफ बैंड की जोशीली और देशभक्ति से भरपूर प्रस्तुतियों ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन के माहौल को राष्ट्रप्रेम और उत्साह से सराबोर कर दिया। यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों ने कार्यक्रम का आनंद लिया और बैंड टीम की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान रेलवे परिसर में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रही। संपूर्ण आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ।
