शादी का झांसा देकर दुष्कर्म: वीडियो बनाकर परिजनों को भेजा; आरोपी व होटल मैनेजर गिरफ्तार!

रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) मौदहापारा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और उसका वीडियो बनाकर वायरल करने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में मुख्य आरोपी सहित होटल मैनेजर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, 26 अप्रैल को पीड़िता ने थाना मौदहापारा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी टोनी ध्रूव उर्फ मुन्नू ने शादी का प्रलोभन देकर उसे जी.ई. रोड स्थित एक होटल में ले गया, जहां अपने परिचित होटल मैनेजर की मदद से बिना वैध पहचान पत्र के कमरा लिया गया। वहां आरोपी ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो पीड़िता के परिजनों को भेज दिया गया और आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 75/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी टोनी ध्रूव (23 वर्ष), निवासी तेलीबांधा, रायपुर और होटल मैनेजर नितेश कुमार खुंटे (26 वर्ष), निवासी जिला शक्ति, को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि होटल मैनेजर ने नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना आईडी प्रूफ के कमरा उपलब्ध कराया, जिससे अपराध को अंजाम देने में मदद मिली। इस आधार पर उसके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सभी होटल, लॉज और गेस्ट हाउस संचालकों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि वे हर आगंतुक का वैध पहचान पत्र अनिवार्य रूप से लें और उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रखें। बिना आईडी के कमरा देना या रिकॉर्ड में लापरवाही बरतना गंभीर अपराध माना जाएगा। ऐसे मामलों में संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, जिसमें लाइसेंस निरस्तीकरण भी शामिल है, की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होटल-लॉज की नियमित जांच जारी रहेगी और नियमों के उल्लंघन पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।


















