बिलासपुर; बीट सिस्टम से सकरी पुलिस को बड़ी सफलता: 9 चोरी की वारदातों का खुलासा, शातिर गिरोह गिरफ्तार!

बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) सकरी थाना पुलिस ने बीट सिस्टम के प्रभावी क्रियान्वयन से बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की 9 अलग-अलग वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने दो शातिर आरोपियों और तीन विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर लंबित चोरी के मामलों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी निरीक्षक विजय चौधरी ने टीम गठित कर बीट आरक्षकों को सक्रिय किया। बीट आरक्षकों द्वारा जुटाई गई सटीक सूचना के आधार पर संदेही अरविंद पटेल (20 वर्ष) निवासी धुरीपारा मंगला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभ में आरोपी ने पुलिस को गुमराह किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथी आशीष रजक और तीन विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर थाना सकरी क्षेत्र में 9 अलग-अलग स्थानों पर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने विभिन्न तिथियों में मकानों, प्लॉट और संस्थानों में ताला तोड़कर नगदी, समरसीबल पंप, स्प्रे पंप, पीवीसी पाइप, लोहे के सामान, कापर तार, केबल, बिजली वायर, चांदी के आभूषण, टीवी, सिलिंग फैन, स्टील के नल सहित अन्य सामान चोरी करना कबूल किया। चोरी की नगदी रकम को आरोपियों ने खर्च कर देना बताया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सामान—समरसीबल पंप, स्पीयर पंप, कापर तार, केबल, बिजली वायर, चांदी का कर्धन, अंगूठी, टीवी, चांदी की पायल, चांदी का चम्मच, सिलिंग फैन, स्टील के नल, कांसे के बर्तन और 700 रुपये नगद—बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय चौधरी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और आरक्षकों की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा जा सके।


















