तांदुला नहर में दर्दनाक हादसा: नहाते समय पिता-बेटी की बहने से मौत…20 किमी दूर मिली मासूम की लाश!

बालोद: (प्रांशु क्षत्रिय) तांदुला नहर में नहाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें पिता और 12 वर्षीय बेटी की तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। यह घटना मंगलवार दोपहर ग्राम पीपरछेड़ी में हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। जानकारी के अनुसार, धोबनपुरी निवासी टायमन गंजीर (35) अपनी बेटी पालंकी गंजीर के साथ ससुराल पीपरछेड़ी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। मंगलवार को वे अपनी बेटी और रिश्तेदार बच्ची दामिनी साहू के साथ पास स्थित तांदुला नहर में नहाने गए थे। बताया जा रहा है कि टायमन अपनी बेटी को तैरना सिखा रहे थे। इसी दौरान तांदुला जलाशय से छोड़े जा रहे पानी के कारण नहर का बहाव तेज था, जिसका अंदाजा तीनों को नहीं लग सका और वे गहराई में जाकर बहने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक बच्ची को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन टायमन और उनकी बेटी कुछ ही देर में पानी के तेज बहाव में ओझल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। तलाश अभियान को आसान बनाने के लिए तांदुला और गंगरेल बांध से पानी का बहाव अस्थायी रूप से कम कराया गया। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने घटनास्थल से करीब 400 मीटर दूर टायमन का शव बरामद कर लिया, जबकि बेटी पालंकी का शव बुधवार सुबह घटनास्थल से लगभग 20 किलोमीटर दूर मिला। मृतक टायमन गंजीर बालोद जिला अस्पताल में 108 एम्बुलेंस में ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) के पद पर कार्यरत थे और हाल ही में उनकी पोस्टिंग बालोद मुख्यालय में हुई थी। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


















