भिलाई-3 में गैस संकट: सिलेंडर नहीं मिलने पर ग्रामीणों का चक्काजाम, प्रशासन के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन!

दुर्ग: (प्रांशु क्षत्रिय) ग्राम करसा में एचपी गैस सिलेंडर की सप्लाई बाधित होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर बैठ गए और गैस एजेंसी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी और जल्द समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त कर दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले लगभग 20 दिनों से गांव में गैस सिलेंडर की सप्लाई नहीं हो रही है। कई बार गैस एजेंसी के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। इसके चलते लोगों को खाना बनाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और मजबूरी में लकड़ी जैसे वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि शताक्षी गैस एजेंसी से सिलेंडर की आपूर्ति होती है, लेकिन नियमित सप्लाई नहीं हो रही है। कई बार शिकायत के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि एजेंसी की अव्यवस्था के कारण उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परेशान होना पड़ रहा है। इससे पहले भी इसी एजेंसी में बाउंसर द्वारा ग्राहकों से मारपीट की घटना सामने आ चुकी है, जिससे लोगों में पहले से ही नाराजगी थी। अब सिलेंडर की कमी ने गुस्से को और बढ़ा दिया है। प्रशासन ने गैस एजेंसी को जल्द सप्लाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नियमित गैस आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे और बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा।
Cannot collect videos from this channel. Please make sure this is a valid channel ID.
Error: No videos found.
Make sure this is a valid channel ID and that the channel has videos available on youtube.com.
