बिलासपुर; पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, शव फदहाखार जंगल में फेंका..धारदार हथियार से वार कर वारदात को दिया अंजाम, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा!


बिलासपुर : (प्रांशु क्षत्रिय) सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक की हत्या कर शव को फदहाखार जंगल में छिपाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान ओमप्रकाश लहरे के रूप में हुई है। घटना 27 सितंबर की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच मैट्रिक चौक फदहाखार क्षेत्र में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश को लेकर सुनील निर्मलकर उर्फ टाईगर और घनंजय धुरी उर्फ आदि, अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ओमप्रकाश लहरे के साथ विवाद में उलझे। आरोप है कि इसी दौरान धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को छिपाने के उद्देश्य से फदहाखार जंगल में फेंक दिया। 28 सितंबर को मर्ग जांच के दौरान पुलिस और सीन ऑफ क्राइम यूनिट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पूछताछ और जांच में हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने के बाद सिरगिट्टी थाने में अपराध क्रमांक 703/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल दाखिल किया गया है।

