बिलासपुर में बैराज बना, सड़क चौड़ीकरण भूला; शिवघाट में रोज घंटों जाम..गड्ढों से हादसे का खतरा; सड़क पर उतरी जनता!


बिलासपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) लोगों की सुविधा और बेहतर आवाजाही के उद्देश्य से बनाया गया शिवघाट बैराज अब खुद परेशानी का कारण बनता जा रहा है। बैराज से सरकंडा की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर रोजाना घंटों जाम लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने और सड़क चौड़ीकरण का काम अधूरा रहने से समस्या और गंभीर हो गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बैराज निर्माण के दौरान दोनों ओर सड़क को करीब 10 फीट तक चौड़ा करने की बात कही गई थी, लेकिन लंबे समय बाद भी चौड़ीकरण का काम पूरा नहीं हो सका है। इसके बावजूद मार्ग को आम लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया गया। अब यहां सुबह से शाम तक वाहनों का दबाव बना रहता है और कई बार लंबा जाम लग जाता है। जाम का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना इस मार्ग से आने-जाने वाले नागरिकों पर पड़ रहा है। सड़क की खराब हालत के कारण वाहन चालकों को गड्ढों से बचकर निकलना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का दावा है कि इस मार्ग पर हुए हादसों में दो लोगों की जान भी जा चुकी है।
जाम से नाराज लोगों ने बंद किया रास्ता……..
लगातार बनी इस समस्या से नाराज वार्डवासियों ने शिवघाट बैराज के दोनों तरफ रास्ता बंद कर विरोध जताया। लोगों का कहना है कि संभाग और नगर निगम के कई बड़े अधिकारी भी रोज इसी मार्ग से गुजरते हैं और उन्हें सड़क की स्थिति व जाम की समस्या की जानकारी है, बावजूद इसके अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। वार्डवासियों ने प्रशासन और निगम से मांग की है कि अधूरे सड़क चौड़ीकरण का काम जल्द पूरा कराया जाए। साथ ही सड़क के गड्ढों की मरम्मत और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाए, ताकि शिवघाट बैराज से गुजरने वाले लोगों को रोजाना लगने वाले जाम और हादसों के खतरे से राहत मिल सके।

