वन विभाग की बड़ी कार्रवाई; बायसन पर हमला करने वाले 5 शिकारी पकड़े गए!

कबीरधाम: (प्रांशु क्षत्रिय) कबीरधाम जिले में वन्यजीवों के प्रति क्रूरता का एक मामला सामने आया है, जहां एक बायसन पर तीरों से हमला करने वाले पांच शिकारियों को वन विभाग ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में जहां आरोपियों पर सख्त कदम उठाए गए, वहीं घायल बायसन का सफल उपचार कर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। जानकारी के अनुसार, सरहापथरा गांव के पास जंगल से भटककर आबादी क्षेत्र में पहुंचे एक वयस्क बायसन पर शिकारियों ने अंधेरे का फायदा उठाते हुए तीरों से हमला कर दिया। घटना के बाद बायसन के शरीर में तीन तीर धंसे मिले, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही कबीरधाम वन मंडल के डीएफओ निखिल अग्रवाल के निर्देशन में वन विभाग और वन विकास निगम की संयुक्त टीम ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. जडिया ने मौके पर पहुंचकर बायसन को ट्रैंक्विलाइज कर एक तीर निकाला और प्राथमिक उपचार किया। बायसन की गंभीर स्थिति को देखते हुए बिलासपुर से विशेषज्ञ टीम बुलाई गई। डॉ. चंदन और उनकी टीम ने जांच में पाया कि बायसन के पैर में दो और तीर गहराई तक धंसे हुए हैं। जटिल सर्जरी के जरिए दोनों तीर सफलतापूर्वक निकाल लिए गए। उपचार के बाद बायसन पूरी तरह स्वस्थ हो गया, जिसे उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इधर, वन विभाग ने मुखबिर तंत्र और डॉग स्क्वाड की मदद से कार्रवाई करते हुए पंडरू, चैतुराम, शिवा, पताल सिंह और सुखराम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से शिकार में इस्तेमाल किए गए धनुष-बाण भी बरामद किए गए हैं। वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई ने एक ओर जहां बेजुबान वन्यजीव की जान बचाई, वहीं अवैध शिकार करने वालों के खिलाफ सख्त संदेश भी दिया है कि जंगल में अवैध शिकार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


















Unable to retrieve new videos without an API key.
Error: No videos found.
Make sure this is a valid channel ID and that the channel has videos available on youtube.com.
