पुलिस की बड़ी कार्रवाई; बिना अनुमति प्रार्थना सभा करवाने वाला गिरफ्तार!

जांजगीर-चांपा: (प्रांशु क्षत्रिय) शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम बिलारी में बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित करने के मामले में पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी रविकुमार साहू (52 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 12 बिलारी, अपने घर में अन्य धर्म अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित करने हेतु प्रार्थना सभा आयोजित कर रहा था। सूचना मिलने पर शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची, जहां 15–20 बाहरी महिला-पुरुषों की उपस्थिति में धार्मिक सभा संचालित होती पाई गई। साम्प्रदायिक सौहार्द्र बनाए रखने एवं व्यवस्था भंग की आशंका को देखते हुए पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई तथा उसे तहसील न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, स.उ.नि. रामप्रसाद बघेल, प्रआर सुधीर साहू, आर. श्रीकांत सिंह, तथा आनंद साण्डे (पुलिस सहायता केंद्र राहौद) का विशेष योगदान रहा।
