तेज रफ्तार का कहर; ट्रेलर की चपेट में आकर स्कूटी सवार युवक की मौत!

रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) रायपुर से दुर्ग लौट रहे एक युवक की कुम्हारी क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान दुर्ग निवासी शुभम गुप्ता (37) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शुभम किसी निजी काम से रायपुर आए हुए थे और देर रात स्कूटी से वापस दुर्ग लौट रहे थे। बुधवार रात कुम्हारी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से यह दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि स्कूटी ट्रेलर के पिछले पहिए में फंस गई, जिससे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भयावह था कि स्कूटी काफी देर तक ट्रेलर के नीचे फंसी रही। बाद में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और जिम्मेदारी तय करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।


















