मोबाइल शॉप में लाखों की चोरी का खुलासा: 14 लाख के 16 आईफोन बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार!

रायगढ़: (प्रांशु क्षत्रिय) शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चोरी हुए सभी 16 आईफोन (करीब 14 लाख रुपये) बरामद कर लिए हैं और मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार सेल स्पॉट मोबाइल शॉप के संचालक मोहम्मद फारुक ने 9 मार्च की रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद की थी। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे जब वह दुकान पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा मिला। जांच करने पर पता चला कि दूसरी मंजिल का ताला तोड़कर चोर दुकान में घुसा और शोकेस में रखे 16 आईफोन व काउंटर में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गया। मामले में सिटी कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 111/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच से मिला सुराग…
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की लोकेशन रायपुर में मिली। पुलिस टीम रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंची और घेराबंदी कर ट्रेन में सवार मुख्य आरोपी को पकड़ लिया।
मुख्य आरोपी ट्रेन में दबोचा…
पकड़े गए आरोपी की पहचान आकाश चौहान (19 वर्ष), निवासी ग्राम कलमी, थाना कोतरारोड़ के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने मोबाइल दुकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह रायपुर से रायगढ़ आया और दुकान के पीछे निर्माणाधीन हिस्से के पास लगी लोहे की सीढ़ी से ऊपर चढ़कर दूसरी मंजिल का ताला तोड़कर अंदर घुसा। इसके बाद उसने शोकेस से 16 आईफोन बैग में भर लिए और काउंटर से नकदी लेकर उसी रास्ते से फरार हो गया।
एक और आरोपी गिरफ्तार…
पुलिस ने मुख्य आरोपी आकाश चौहान के पास से 15 आईफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं चोरी का एक आईफोन उसके साथी लकेश्वर उर्फ लक्की चंद्रा (21 वर्ष), निवासी सोनूमुड़ा, रायगढ़ के कब्जे से मिला, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने यह भी कबूल किया कि उसने जनवरी 2026 में साथियों के साथ बोईरदादर चौक स्थित एक अन्य मोबाइल दुकान में भी चोरी की थी। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और अन्य मामलों में भी उनसे पूछताछ की जाएगी।
एसएसपी का सख्त संदेश…
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में चोरी और संपत्ति से जुड़े अपराध करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। तकनीकी साक्ष्यों और प्रभावी कार्रवाई के जरिए ऐसे मामलों का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील भी की है।


















