गाड़ी रिपेयरिंग के पैसे को लेकर दोस्त की हत्या; CCTV फुटेज से आरोपी गिरफ्तार!

रायपुर: (प्रांशु क्षत्रिय) राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में गाड़ी रिपेयरिंग के पैसे को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही दोस्त की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी चूना भट्ठी निवासी बिट्टू यादव (19) है। 5 मार्च की सुबह खारुन विहार स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी के पीछे नाले के पास 25 वर्षीय राजा साहू का शव मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और गंज पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में बिट्टू यादव राजा साहू को अपने साथ ले जाते नजर आया। इसके आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि दोनों गहरे दोस्त थे। कुछ दिन पहले बिट्टू की गाड़ी खराब हो गई थी, जिसका खर्च वह राजा से मांग रहा था। पैसे को लेकर गुरुवार सुबह दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर बिट्टू ने राजा पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
